जयपुर: पशुपालन मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि वर्ष 2022 तक पशुपालकों की आय दोगुना करने लक्ष्य रखा गया है, जिसे प्राप्त करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम गर्भाधान, खुरपका मुंहपका रोग के टीकाकरण लक्ष्य को दोगुना करने, पशुचिकित्सा संस्थाओं में वृद्धि और देशी गौवंश के नस्ल सुधार के कार्यक्रमों के साथ अन्य विभागीय योजनाओं के माध्यम से यह लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा।
सैनी शुक्रवार को राजस्थान राज्य पशुधन प्रबंध एवं प्रशिक्षण संस्थान में पशुपालन विभाग के आहरण-वितरण अधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पशुपालकों की आय वृद्धि करने के लिए पशुपालन विभाग ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 60 लाख पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही इस वर्ष 3 करोड़ पशुओं का खुरपका व मुंहपका रोग(एफएमडी) का टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
पशुपालन मंत्री ने बताया कि पशुपालन विभाग में 900 पशुचिकित्सा अधिकारियों और 4 हजार पशुधन सहायकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहले 15 हजार पशुओं पर एक पशु चिकित्सा संस्था थी, लेकिन हमारा प्रयास है कि 5 हजार पशुओं पर एक चिकित्सा संस्था हो। इसके लिए प्रदेश में विभिन्न चरणों में प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत पशु उप चिकित्सा केन्द्र खोले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पशु चिकित्साकर्मी में पशुओं के आहार, पोषण, प्रजनन और प्रबंधन का बोध होना चाहिए। उन्होंने बताया कि हाल ही में पशुपालन विभाग में विभिन्न संवर्गों में 1 हजार 160 अधिकारियों को पदोन्नत किया गया है। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2017-18 के प्रथम माह में ही पशुपालन विभाग में 87 अधिकारियों के पदोन्नत आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपना काम कर दिया, लेकिन अब आपको सम्पूर्ण निष्ठा के साथ पशुपालन के विकास के लिए काम करना होगा।
पशुपालन मंत्री ने बताया कि 30 जिलों में पीपीपी मोड पर 1000 एकीकृत पशुधन विकास केन्द्र खोले जा चुके हैं और इस वित्तीय वर्ष में एक हजार और केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के सचिव कुंजीलाल मीणा, पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. अजय गुप्ता, राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ शैलेष शर्मा सहित हाल ही में पदोन्नत विभिन्न संवर्गों के अधिकारी उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment