युवा कांग्रेस का पंछी बचाओ-परिंडा लगाओ अभियान का शुभारम्भ




जयपुर: राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से पंछी बचाओ-परिंडा लगाओ अभियान का शुभारंभ आज मंगलवार को बनीपार्क स्थित प्रदेश युवा कांग्रेस कार्यालय में राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक अशोक चांदना के नेतृत्व में परिंडा बांधकर अभियान शुरू किया गया। इस दौरान पक्षी मित्र बनाकर नियमित रूप से परिंडो में जल भरने का संकल्प दिलवाया गया। गर्मी में बेजुबान परिंदों की राहत के लिए चलाए जा रहे अभियान की अशोक चांदना ने सराहना की।

अशोक चांदना ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा। बढ़ती आबादी के कारण सभी जगह पारिस्थितियां बिगड़ रही है, लेकिन गांवों की तुलना में शहरों में यह स्थिति कहीं ज्यादा भयावह है। इसके बावजूद भी लोग शहरों में रहने को विवश हैं। इस सबके कारण पक्षी शहरों से पलायन कर रहे हैं। पक्षियों के शहर छोडऩे के कारण पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पक्षियों का जीवन हमारे लिए अति आवश्यक है। साथ ही परिंदों के संरक्षण, भीषण गर्मी में पेयजल, दाना-पानी की व्यवस्था करना हम सभी का फर्ज है।

परिंदे पर्यावरण में सहयोग करते हैं। परिंदो द्वारा बीजारोपण किया जाता रहा है क्योकि यही परिंदे बीज खाते समय नई जगहों पर गिराते रहते है, जिससे एक नए पेड़ का जन्म होता है। अशोक चांदना ने कहा कि प्रत्येक बूथ स्तर तक परिंडे बांधे जाएंगे। जयपुर शहर अध्यक्ष सीएम बदाला ने कहा कि पक्षियों प्यासे ना मरे जिसके लिए युवा कांगेस ने परिंडे बंधवाने का आव्हान किया है। इस परिंडे बचाओं अभियान से आम जन को जोड़कर अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा। 

प्रदेश मीडिया प्रभारी सादिक चौहान ने बताया कि प्रदेश की 200 विधानसभाओं पर 50-50 परिंडे बांधे जाएंगे एवं पक्षी मित्र बनाकर नियमित रूप से सार संभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस कार्यक्रम के लिए प्रभारी भी नियुक्त किए गए। इस अवसर पर जयपुर शहर अध्यक्ष सीएम बदाला, सुशील पारिक, सादिक चौहान, राजेश गुर्जर, नेमी गुर्जर, मानदाता सिंह धामौरा, आरिफ, मकसूद, अशोक खडप्पा, सुनील सिंघाणिया, जगदीश चौधरी, जितेंद्र सिंह जादौन प्रदेश युवा कांग्रेस और जयपुर शहर युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

Comments